आगरा और मथुरा में शादी के कार्ड बांटने जा रहे ग्वालियर के एक परिवार से 60,000 रुपये पकड़ लिए गए। कार्ड दिखाने के बाद भी मजिस्ट्रेट ने नहीं छोड़ा। वहीं एक पेट्रोल पंप मालिक से 70,000 का कैश जब्त किया गया है। कई प्वाइंट पर चेकिंग से हड़कंप मचा रहा।
आचार संहिता का कड़ाई के साथ पालन करने के लिए जिले भर में बैरियर लगाकर स्टेटिक मजिस्ट्रेट तैनात कर दिए गए हैं। आने-जाने वाले वाहनों को रोककर चेक किया जा रहा है। फरह क्षेत्र में चेकिंग के दौरान मजिस्ट्रेट ने आगरा के स्याहना निवासी हरिओम से 70,000 का कैश पकड़ा। हरिओम पेट्रोल पंप मालिक हैं। वो इस कैश से संबंधित कोई रिकार्ड मजिस्ट्रेट को नहीं दिखा सके थे। पैसा जब्त कर लिया गया है।
वहीं ग्वालियर निवासी संजय अपनी भतीजी की शादी का कार्ड बांटने के लिए आगरा की तरफ जा रहे थे। उनके पास साठ हजार रुपया था। संजय ने मजिस्ट्रेट को कार्ड दिखाया। सामान की खरीदारी का हवाला दिया लेकिन मजिस्ट्रेट ने फिर भी बात नहीं सुनी। पैसा जब्त कर लिया गया। अधिकारियों का कहना है कि कैश से संबंधित कोई भी रिकार्ड ये लोग नहीं दिखा सके।