अमरनाथ शिक्षण संस्थान में बॉलीवुड के मशहूर गायक मोहम्मद रफी के जन्मदिन के अवसर पर अमरनाथ एलुमिनाई संघ ने कार्यक्रम का आयोजन किया। इसमें छात्र-छात्राओं ने नृत्य और अभिनय के माध्यम से रफी को श्रद्धांजलि अर्पित की।
रफी के गीतों से सजे कार्यक्रम ‘दिल ने फिर याद किया...’ का शुभारंभ अतिथियों ने छोटे बच्चों के साथ केक काट कर किया। एलुमिनाई संघ के पूर्व छात्र-छात्राओं ने रफी के सुपरहिट गीतों पर जब प्रस्तुतियां दी तो मातृकृपा सभागार तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा। छात्राओं ने गीत ‘हम भी अगर बच्चे होते..., दिल ने फिर याद किया..., अजब तेरी कारीगरी रे करतार..., दिल का सूना साज तराना ढूंढेगा... पर सुंदर नृत्य प्रस्तुत किया।
वरिष्ठ पुलिस अधिकारी हृदेश कुमार और वरिष्ठ चिकित्सक और समाजसेवी डा. अशोक अग्रवाल ने बच्चों की प्रस्तुति को सराहा। आकाशवाणी के कलाकार सुरेश गुप्ता ने कहा कि बच्चों ने अपने शानदार अभिनय से कार्यक्रम को इंद्रधनुष का आकार दे दिया है।
संस्था के चेयरमैन डा. आदित्य कुमार वाजपेयी ने सभी अतिथियों का स्वागत किया। संचालन डा. अनुराग वाजपेयी ने किया। इस अवसर पर उप प्रधानाचार्य डा. अनिल कुमार, प्रशासनिक अधिकारी डा. अरुण कुमार, एसपीओ अशोक कुमार कौशिक, वरिष्ठ पत्रकार पुष्पेंद्र शर्मा, अनीश वाजपेयी, यामीन भाई, प्रीति माथुर, वरिष्ठ अधिवक्ता राम सरीन, शालिनी, शिप्रा राठी सहित अभिभावक गण मौजूद थे।