गिरिराज तलहटी में गिरिराज सेवा मंडल आगरा का तीन दिवसीय छप्पन भोग महोत्सव राधा-कृष्ण के डोले के साथ सप्तकोसीय दूध की धार परिक्रमा के साथ शुरू हो गया। छप्पन भोग महोत्सव में आगरा से आए सैकड़ों गिरिराज भक्तों ने तलहटी स्थित कार्ष्णि आश्रम से बैंडबाजों के साथ गिरिराज महाराज की सप्तकोसीय परिक्रमा लगाई।
श्रीराधाकृष्ण के मनोहारी डोला के साथ गिरिराज धरण हम तेरी शरण.., छोटी-छोटी गैया, छोटे-छोटे ग्वाल.., मैं तो गोवर्धन को जाऊं मेरे वीर... आदि भजनों की धुन पर श्रद्धालु भक्ति में सराबोर हो नाचते गाते परिक्रमा कर रहे थे। सेवा मंडल के मीडिया प्रभारी पवन कुमार अग्रवाल ने बताया कि शुक्रवार सुबह 11 बजे कार्ष्णि आश्रम में गिरिराज महाराज का महागोविंदाभिषेक किया जाएगा।
दोपहर में धार्मिक क्विज और शाम को भजन संध्या का आयोजन होगा। 26 दिसंबर को छप्पन भोग निवेदित किए जाएंगे। इस अवसर पर सेवा मंडल के संस्थापक नितेश अग्रवाल, अध्यक्ष मनोज गर्ग, महासचिव मयंक अग्रवाल, विष्णु बाबू, महंत कपिल नागर ने गिरिराजजी का अभिषेक किया। परिक्रमा में रवींद्र अग्रवाल, अजय गोयल, पवन कुमार, श्याम माहेश्वरी, नीरज अग्रवाल, छोटे लाल रावत, मनीष अग्रवाल, राजेश अरोड़ा, अंकुर अग्रवाल, विकास जैन, सुशील, मुकुंद अग्रवाल आदि उपस्थित रहे।