वृंदावन के पानीघाट क्षेत्र में रंजिश के चलते कुछ लोग लाठी-डंडे और ईंट-पत्थर लेकर एक घर में घुस गए और बुजुर्ग तथा उनके बेटे पर हमला कर दिया। मारपीट में दोनों घायल हो गए, जबकि पुलिस ने शिकायत के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
वृंदावन के पानीघाट क्षेत्र में रंजिशन दो पक्षों में विवाद हो गया। नामजद और अज्ञात हमलावरों ने घर पर लाठी-डंडों और ईंट-पत्थरों से हमला कर दिया। इस हमले में एक बुजुर्ग और उनके बेटे को गंभीर चोटें आई हैं। पीड़ित ने घटना के 18 दिन बाद शिकायत कर पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरु कर दी है।
रास्ते में घात लगाए बैठे थे आरोपी
पानीघाट निवासी राजू विश्वास ने बताया कि नौ जून की शाम उनका 16 वर्षीय पुत्र राजेश बाजार से घर का सामान लेने गया था। तभी रास्ते में घात लगाए बैठे पानीघाट के ही रहने वाले योगेश, उसके पिता और दो अन्य अज्ञात युवकों ने राजेश को जान से मारने और पकड़ने की नीयत से उसका पीछा किया। राजेश ने किसी तरह भागकर अपनी जान बचाई और घर पहुंचा।
पत्थरों से ताबड़तोड़ हमला
कुछ ही देर बाद ही आरोपी योगेश अपने पिता और साथियों के साथ हाथों में लाठी-डंडे, ईंट-पत्थर लेकर राजू विश्वास के घर में घुस आए। आरोपियों ने आते ही गालियां देना शुरू कर दिया। जब राजू और उनके वृद्ध पिता ने इसका विरोध किया तो आरोपियों ने उन पर लाठी-डंडों और ईंट-पत्थरों से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। मारपीट में पिता-पुत्र दोनों को गंभीर चोटें आई हैं। कोतवाली पुलिस ने बताया कि राजू की शिकायत दर्ज कर जांच की जा रही है। उप निरीक्षक अभिलाख सिंह को जांच सौंपी है। आरोपियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।