मथुरा। डायट में चार दिन पहले हुई राजकीय स्कूलों के शिक्षकों की ट्रेनिंग में एमएलसी चुनाव के एक प्रत्याशी ने लंच पैकेट बंटवा दिए। इस मामले की शिकायत शिक्षक नेता ने शिक्षा निदेशक और ज्वाइंट डायरेक्टर से की है। आरोप है कि मतदाताओं की लुभाने के लिए सरकारी ट्रेनिंग में लंच पैकेट बंटवाए गए, जबकि ट्रेनिंग में भोजन का खर्च सरकारी स्तर पर मिलता है।
राजकीय स्कूलों के शिक्षकों को पढ़ाने के नए-नए तरीके सिखाने के लिए डायट में ट्रेनिंग दी गई। ये शिक्षक एमएलसी के चुनाव में मतदाता भी हैं। बताया जाता है कि एमएलसी (शिक्षक) चुनाव के एक प्रत्याशी डायट पर पहुंच गए और शिक्षकों को लंच पैकेट बंटवाते हुए समर्थन में वोट देने की अपील की। सरकारी ट्रेनिंग के दौरान प्रत्याशी द्वारा शिक्षकों को लंच पैकेट बंटवाने को लेकर कुछ शिक्षकों ने नाराजगी भी जताई। इस मामले में माध्यमिक शिक्षक संघ ठकुरई गुट के प्रदेश उपाध्यक्ष अयोध्या प्रसाद अग्रवाल ने शिक्षा निदेशक और ज्वाइंट डायरेक्टर से लिखित शिकायत की है।
डायट में ट्रेनिंग के दौरान शिक्षकों को एमएलसी प्रत्याशी की तरफ से लंच पैकेट बंटवाने की शिकायत शिक्षा निदेशक और जेेडी से की है। मतदाताओं को लुभाने के लिए ऐसा किया गया, जो गलत है।
- अयोध्या प्रसाद अग्रवाल, माध्यमिक शिक्षक संघ ठकुरई गुट के प्रदेश उपाध्यक्ष
राजकीय कॉलेजों के शिक्षकों को नवाचार की ट्रेनिंग दी गई थी। हो सकता है ट्रेनिंग में शिक्षकों से मिलने एमएलसी चुनाव के प्रत्याशी पहुंचे हों लेकिन उनकी तरफ से लंच पैकेट बंटवाने की जानकारी नहीं है। सरकारी ट्रेनिंग में ऐसा संभव भी नहीं है।
- महेंद्र यादव, डायट प्राचार्य