वृंदावन(मथुरा)। ठाकुर बांकेबिहारी मंदिर क्षेत्र की गलियों में अब झूलती विद्युत केबल नहीं रहेंगी। पुअर पर्यटन विकास परियोजना के अंतर्गत विद्युत नगरीय वितरण खंड द्वितीय द्वारा यह कार्य 38 करोड़ की लागत से कराया जा रहा है। इस कार्य की शुरुआत दुसायत क्षेत्र से की गई।
देश विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा को देखते हुए विद्युत विभाग द्वारा बांकेबिहारी मंदिर क्षेत्र के सौंदर्यीकरण के अंतर्गत भूमिगत विद्युत केबल लाइन बिछाने का कार्य किया जाने लगा है।
11 हजार की हाईटेंशन विद्युत लाइन एवं घरेलू विद्युत लाइन के साथ घरों में कनेक्शन केबलों को भी भूूमिगत किया जा रहा है। विद्युत उपभोक्ताओं को घरों में कनेक्शन देने के लिए जगह-जगह पैनल बोर्ड लगाए जाएंगे। यह कार्य मंदिर क्षेत्र की 22 गलियों में किया जाएगा जो कि मंदिर के पहुंच मार्ग हैं। इस कार्य की नोडल एजेंसी मथुरा वृंदावन नगर निगम है।
एसडीओ विद्युत विशाल शर्मा का कहना है कि बांकेबिहारी मंदिर क्षेत्र में भूमिगत विद्युत लाइन का बिछाने का कार्य शुरू किया गया है। यह कार्य करीब 3 माह में पूर्ण कर लिया जाएगा।