फरह स्थित हाथी संरक्षण केंद्र में ग्रेट ब्रिटेन मिस यूनीवर्स के साथ उनका प्रतिनिधि मंडल।
मिस यूनिवर्स ग्रेट ब्रिटेन-2025 डेनिएल लैटिमर ने अंतरराष्ट्रीय प्रतिनिधिमंडल के साथ मथुरा स्थित वाइल्डलाइफ एसओएस के हाथी संरक्षण देखभाल केंद्र और हाथी अस्पताल परिसर का दौरा किया। इसका उद्देश्य भारत में एशियाई हाथियों के साथ हो रहे दुर्व्यवहार के विरुद्ध जागरूकता बढ़ाना है। प्रतिनिधिमंडल में मिस यूनिवर्स ग्रेट ब्रिटेन 2025 की प्रथम उपविजेता लुइसा बर्टन, मिस वेल्स 2025 हेलेना हॉक, मिस इंटरनेशनल यूके 2025 सोफी वालेस, मिस ग्रेट ब्रिटेन 2024 एवा मॉर्गन और मिस अर्थ वेल्स 2025 एबिगेल वुड जैसी प्रमुख हस्तियां शामिल रहीं।
प्रतिनिधि मंडल ने वाइल्डलाइफ एसओएस के पशु चिकित्सकों और हाथियों की देखभाल करने वाले कर्मचारियों के साथ बातचीत की। उन चुनौतियों के बारे में जानकारी हासिल की जिनका सामना हाथियों को सड़कों पर भीख मांगने, सर्कस में प्रदर्शन करने या पर्यटन उद्योग में शोषण सहने के दौरान करना पड़ता था। टीम को संस्था के रिफ्यूज टू राइड और श्बेगिंग एलीफैंट कैंपेन जैसे अभियानों के बारे में जानकर खुशी जताई।
मिस यूनिवर्स ग्रेट ब्रिटेन डेनिएल लैटिमर ने कहा कि वाइल्डलाइफ एसओएस में उनका दिन एक बेहतरीन याद रहा। हाथियों को देखकर और उनके अतीत के बारे में जान कर उनका दिल दहल उठा। अब उन्हें हाथियों के सामने आने वाली चुनौतियों की बेहतर समझ है, वाइल्डलाइफ एसओएस का कार्य सराहनीय और अद्भुत है। वह पूरी कोशिश करेंगी कि ज़्यादा से ज़्यादा लोग हाथियों की कहानियों के बारे में जानें और उनके साथ हो रही क्रूरता को खत्म करने के इस अभियान में शामिल हों।
वाइल्डलाइफ एसओएस के सह-संस्थापक और सीईओ कार्तिक सत्यनारायण ने कहा डेनिएल और उनकी साथी न केवल सुंदरता की बल्कि सहानुभूति और नेतृत्व की भी आदर्श हैं। एलीफ़ेंट प्रोजेक्ट-हेड कोऑर्डिनेटर शिवम राय ने कहा कि डेनिएल और उनकी साथी का हमारे साथ होना हाथियों की आवाज़ को दुनिया भर में पहुंचाने और बदलाव की तत्काल आवश्यकता की ओर ध्यान आकर्षित करने में मदद करता है।