अधिकमास की एकादशी पर पुण्य के लिए देश भर से आए हजारों श्रद्धालुओं को ठाकुर बांकेबिहारी मंदिर में अव्यवस्थाआें का सामना करना पड़ा। आरोप है कि मंदिर प्रबंधन के कारण लोगों को अपने आराध्य के दर्शन करने में परेशानी हुई।
रविवार को एकादशी होने के कारण सुबह मंदिर के पट खुलते ही भारी भीड़ उमड़ पड़ी थी। लेकिन, मंदिर प्रबंधन की ओर से श्रद्धालुओं की सुविधाओं के लिए कोई व्यवस्था नहीं की गई।
भीड़ के बावजूद प्रबंधन ने मंदिर के चार गेट ही खोले, पांचवां गेट बंद कर दिया। श्रद्धालु पांचवें गेट से आकर लौटते देखे गए और परेशान हुए। इस दौरान एसी में बैठे मंदिर प्रबंधन के लोगों ने बाहर आकर श्रद्धालुओं की परेशानी का समाधान भी नहीं किया।
मंदिर में इस प्रकार अव्यवस्था पर श्रद्धालु आक्रोशित दिखे। मंदिर के गेट नंबर पांच के बंद होने की बात पर प्रबंधक मुनीष शर्मा ने बताया कि शाम को सजाए जाने वाले फूल बंगला के कार्य के चलते ऐसा किया गया था।
एकादशी पर उमड़ी भीड़
वृंदावन। धर्मनगरी के विभिन्न मंदिरों में अधिक मास की एकादशी पर धार्मिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। ठाकुर बांकेबिहारी मंदिर में आराध्य के दर्शनों के लिए भारी भीड़ उमड़ी। सुबह से ही देश भर से श्रद्धालु वृंदावन पहुंच गए थे। सेवायतों ने मंदिर में सजावट के साथ इत्र का छिड़काव भी किया। शाम को भव्य फूल बंगला सजा। भक्तों दर्शन के लिए देर शाम तक आते रहे। पूरा मंदिर परिसर ठाकुर बांके बिहारी के गगनभेदी जयकारों से गुंजायमान रहा।
अनेक मंदिरों में हुए कार्यक्रम
वृंदावन। अधिक मास की एकादशी पर ठाकुर राधावल्लभ मंदिर, राधारमण मंदिर, सेवाकुंज, निधिवन, रंगनाथ मंदिर, गोकुलानंद, राधादामोदर, प्रेम मंदिर सहित अनेक मंदिरों में आराध्य के दर्शनों के लिए भक्त सुबह से ही उमड़ पड़े थे।