मथुरा। सदर थाना क्षेत्र स्थित मां काली मंदिर के सामने बने एक धर्मस्थल को मंगलवार रात कुछ शरारती तत्वों ने क्षतिग्रस्त कर दिया। सुबह इसकी जानकारी मिलते ही लोगों में आक्रोश फैल गया। पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। पुलिस मंदिर और पुराने बस अड्डे तक के सभी सीसीटीवी कैमरों की फुटैज खंगालकर शरारती तत्वों की तलाश कर रही।
थाना प्रभारी निरीक्षक जसवीर सिंह ने बताया कि बुधवार सुबह सूचना मिली कि कैंट काली मंदिर के सामने धर्मस्थल को शरारती तत्वों ने क्षतिग्रस्त कर दिया है। मौके पर पहुंचे तो पता चला कि मंगलवार रात किसी ने धर्मस्थल का कुछ हिस्सा क्षतिग्रस्त कर दिया है। मामला अल्पसंख्यक समुदाय से जुड़ा होने के कारण पुलिस जांच पड़ताल में जुट गई है। थाना प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि घटनास्थल के आसपास तथा पुराने बस स्टैंड के पास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। संभवत: किसी कैमरे में शरारती तत्वों की पहचान हो जाए। इसके साथ ही आसपास के क्षेत्रों में भी पूछताछ की जा रही है।