मथुरा। प्रयागराज के मदन मोहन मालवीय स्पोर्ट्स स्टेडियम में आयोजित 61वीं राज्य स्तरीय जूनियर ओपन एथलेटिक्स चैंपियनशिप में जिले के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए चार स्वर्ण पदक जीतकर जिले का नाम रोशन किया। प्रतियोगिता के अंतिम दिन मथुरा के बाधा दौड़ खिलाड़ी अमित कुमार ने अंडर-20 आयु वर्ग में स्वर्ण पदक हासिल किया। वहीं अविका बालियान ने भी स्वर्ण पदक अपने नाम किया।
जिला एथलेटिक्स एसोसिएशन के सचिव जय सिंह ने बताया कि अमित कुमार ने 400 मीटर बाधा दौड़ में 53.22 सेकेंड का समय निकालकर पहला स्थान प्राप्त किया। बालिकाओं की हेप्टाथलॉन में अविका बालियान ने भी 3800 अंक बनाकर स्वर्ण पदक अपने नाम किया। इससे पहले कृष्ण कुमार ने अंडर-18 वर्ग की डिस्कस थ्रो स्पर्धा में स्वर्ण पदक जीता था। आदर्श चौधरी ने अंडर-18 वर्ग की हेप्टाथलॉन स्पर्धा में शानदार प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक हासिल किया।
खिलाड़ियों की उपलब्धि पर उप जिला क्रीड़ाधिकारी आजाद सिंह, जिला एथलेटिक्स एसोसिएशन के अध्यक्ष डॉ. अनिल कुमार बाजपेयी, उपाध्यक्ष संजय पाठक, विजय सिंह वर्मा, प्रतुल अग्रवाल, अभिषेक गर्ग, यादराम बघेल, महेंद्र सिंह राजपूत, पदम सिंह कौन्तेय, ज्ञानेंद्र सिंह, डॉ. दलवीर सिंह कौन्तेय ने बधाई दी है।