बरसात ने एक बार फिर शहर और देहात में आफत के हालात पैदा कर दिए। जगह-जगह जलभराव ने जहां शहर टापू बनकर रह गया, वहीं देहात में लोग घरों में पानी घुसने से परेशान रहे। शहर के प्रमुख बाजारों में बरसात का पानी दुकानों में घुस गया।
गुरुवार को दिन की शुरुआत तेज बरसात के साथ हुई। देखते ही देखते बरसात का पानी सड़कों पर जमा हो गया। लोगों को अपने प्रतिष्ठान, दुकानों की चिंता सताने लगी। दोपहर होते-होते शहर के प्रमुख बाजार होलीगेट, छत्ता बाजार, क्वालिटी तिराहा, नया बस स्टैंड, पुराना बस स्टैंड, भूतेश्वर रेलवे पुल, बीएसए कालेज रोड, महोली रोड, कृष्णा नगर आदि क्षेत्रों में पानी भर गया।
महोली रोड की 50 से अधिक कालोनियों में जलभराव हुआ। घरों में नाली का गंदा पानी घुस गया। क्वालिटी तिराहे, होली गेट, छत्ता बाजार आदि क्षेत्र की दुकानों में पानी घुसने से लाखों का सामान खराब हो गया। मंडी समिति में लोग दो-दो फुट पानी में होकर प्रतिष्ठान तक पहुंच सके। व्यापारियों में आक्रोश इस बात को लेकर कि सीजन की पहली बरसात में ही मंडी में कारोबारियों का करोड़ों का नुकसान हो गया। इसके बाद भी प्रशासन ने यहां जलभराव को रोकने के लिये कोई पहल नहीं की।
सड़क, गलियां सब लबालब
वृंदावन में गुरुवार को तेज बरसात बाद मुख्य सड़कों से लेकर गलियाें में पानी भर गया। मथुरा दरवाजा, सीएफसी चौराहा, मुसलिम बस्ती, गौरा नगर कालोनी, विद्यापीठ चौराहा, हरिनिकुंज, रंगजी मंदिर चौराहा, पत्थरपुरा, संत कालोनी आदि क्षेत्रों में जलभराव से लोगों को भारी नुकसान का सामना करना पड़ा।