मांट/नौहझील (मथुरा)। यमुना एक्सप्रेसवे पर शनिवार सुबह आगरा से नोएडा की ओर जा रही बाइक में अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार की मौत हो गई। वहीं, अन्य हादसे में बाइक फिसलने से दो युवक घायल हो गए।
जिला मिर्जापुर के गांव लखनपुर मवैया निवासी एजाजुल हक शनिवार सुबह बाइक से यमुना एक्सप्रेसवे पर होकर नोएडा जा रहा था। थाना मांट क्षेत्र में माइल स्टोन 97 के निकट उसकी बाइक में अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। एजाजुल हक (30) की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस एवं एक्सप्रेसवे कर्मियों ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक के साले मोहसिन अहमद निवासी लाइनपार फिरोजाबाद ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है।
दूसरा हादसा नौहझील क्षेत्र में माइल स्टोन 74 के निकट हुआ। यमुना एक्सप्रेसवे पर बाइक फिसलने से दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। बाइक सवार आसिफ पुत्र अख्तर निवासी शाहजहांपुर व मोहित पुत्र हाकिम नगला राणा थाना अवागढ़, जिला एटा, आगरा से नोएडा की तरफ जा रहे थे। बाइक फिसलने से दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। इलाका पुलिस ने घायलों को सीएचसी नौहझील पर भर्ती कराया। डॉक्टरों ने उन्हें मथुरा रेफर कर दिया।