वृंदावन (मथुरा)। करीब ढाई महीने पूर्व युवक की संदिग्ध परिस्थिति में हुई मौत के मामले में डॉक्टर दंपती के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कराया गया है।
एमआरसी आयुर्वेद रिसर्च सेंटर के संचालक डॉ. अभिषेक शर्मा व उनकी पत्नी डॉ. तपस्या शर्मा पर मुक्तसर साहिब पंजाब निवासी राज खुराना ने आरोप लगाया है कि उनका भतीजा पवन खुराना आयुर्वेद चिकित्सा सीखने के उद्देश्य से विगत 11 फरवरी को वृंदावन एमआरसी रिसर्च सेंटर आया था। ट्रेनिंग के अंतिम दिन 16 फरवरी को पवन की अचानक संदिग्ध परिस्थिति में मौत हो गई। चिकित्सक दंपती ने शव को बिना पोस्टमार्टम कराए उन्हें सौंप दिया। बीती 26 अप्रैल को पुलिस ने राज खुराना की तहरीर पर डॉक्टर दंपती के अलावा उनके मैनेजर इंद्र बहादुर के विरुद्ध हत्या समेत कई संगीन धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है।
चिकित्सक अभिषेक शर्मा का कहना है कि हृदयघात से पवन की मौत हुई थी। वह उसे अचेतावस्था में नयति अस्पताल भी ले गए थे। लेकिन उससे पूर्व ही उसकी मौत हो गई। डॉक्टर शर्मा के मुताबिक उन्होंने स्थानीय पुलिस को सूचना देकर शव का पोस्टमार्टम कराने की बात कही थी, लेकिन मृतक के परिजनों की सहमति न होने से पुलिस ने शव सौंप दिया था। उनके द्वारा सारे साक्ष्य पुलिस को उपलब्ध करा दिए गए हैं।