मथुरा जनपद में पिछले 24 घंटों में कोरोना के 39 नए मरीज मिले हैं। इनमें दो पुलिसकर्मी और तीन स्वास्थ्यकर्मी भी शामिल हैं। शुक्रवार को मिले संक्रमितों में लगभग एक दर्जन वो लोग हैं, जो दूसरे प्रदेशों से यहां ब्रज भ्रमण के लिए आए हैं।
कोविड प्रभारी डॉ. भूदेव सिंह ने बताया कि शुक्रवार को बलदेव, शेरगढ़ के रान्हेरा, छाता, मांट, गणेशरा स्थित राधापुरम, आर्य समाज रोड स्थित तिलक नगर कॉलोनी, मोतीकुंज, बंगाली घाट, आजमपुर टाउनशिप, किकी का नगला वृंदावन, गौधुलिपुरम, कृष्णानगर, वृंदावन के केशीघाट, चैतन्य विहार वृंदावन, रुक्मिणी विहार वृंदावन, तेहरा गांव, गोपेश्वर वृंदावन, बरसाना, चंदनवन, गोविंद नगर, फरह, ओमेक्स सिटी वृंदावन, संत कॉलोनी वृंदावन में संक्रमित मिले हैं।
वृंदावन कोतवाली में तैनात दो पुलिसकर्मी और सौ शैय्या संयुक्त जिला अस्पताल के तीन स्वास्थ्यकर्मी भी संक्रमित पाए गए हैं। मथुरा घूमने आई महिला जिसका यूएसए का पासपोर्ट भी है, उसकी रिपोर्ट भी कोरोना पॉजिटिव है। कोविड प्रभारी ने बताया कि स्वास्थ्य विभाग बाहर से आने वाले लोगों के संपर्क में आए स्थानीय लोगों की तलाश कर उनकी जांच भी करा रहा है, जिससे बीमारी को बढ़ने से रोका जा सके।
कम टीकाकरण पर स्वास्थ्य केंद्र प्रभारी को दिया नोटिस
टीकाकरण कार्य में ढिलाई बरतने पर सीएमओ ने सात स्वास्थ्य केंद्र प्रभारियों को नोटिस जारी किए हैं। सीएमओ डॉ. एके वर्मा ने नौहझील, राल, गोवर्धन, छाता, राया, मांट और फरह के स्वास्थ्य केंद्र प्रभारियों को नोटिस दिए हैं।