गोवर्धन में दुकान पर लगे सीसीटीवी कैमरा देखते लोग।
- फोटो : MATHURA
गोवर्धन (मथुरा)। कस्बा के त्रिपोलिया बाजार में बर्तन की दुकान पर बर्तन खरीदने आए ग्राहक की जेब से चोर एक लाख रुपये चोरी कर फरार हो गए। पुलिस आसपास सीसीटीवी कैमरा खंगालने में जुटी है। दूसरी घटना को चोरों ने सरस्वती रोड स्थित फुटवियर की दुकान में अंजाम दिया। बाइक सवार चोर यहां से दुकान के गल्ले में रखे 50 हजार रुपये की नकदी लेकर फरार हो गए। एक घंटे के अंतराल में हुई अलग-अलग चोरी की घटनाओं से क्षेत्र में दहशत है।
बृहस्पतिवार को दीनदयाल निवासी भरनाकलां थाना बरसाना बेटी की शादी में दहेज कर लिए बर्तन खरीदने गोवर्धन के त्रिपोलिया बाजार आए थे। वह दुकान में बर्तन देख रहे थे कि मौका पाकर अज्ञात चोर उसकी जेब से एक लाख रुपये निकालकर फरार हो गए।
दूसरी घटना सरस्वती रोड स्थित कान्हा फुटवियर की है। यहां बाइक सवार तीन चोरों ने दुकान में जूते खरीदने के बहाने घुसे एक युवक ने दुकान स्वामी लेखराज सिंह से जूते दिखाने को कहा, लेखराज दुकान के अंदर गए। इस दौरान अन्य दो युवकाें ने दुकान के गल्ले में रखे पचास हजार रुपये चोरी कर लिए और भाग गए। कस्बा इंचार्ज महेश चंद्र पहुंचे। सीसीटीवी में चोरों की तलाश की लेकिन कोई सुराग नहीं लग सका। थानाध्यक्ष प्रदीप कुमार ने बताया चोरों की तलाश में पुलिस जुटी है। तहरीर मिलने पर मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।