मथुरा। बुधवार देर रात दीप नर्सिंग होम में भर्ती सौंख निवासी सोनू का 3 वर्षीय पुत्र अंकित की जान बचाने के लिए रक्त वीर सामने आया है। बताया जा रहा है कि अंकित का दुर्लभ ब्लड ग्रुप बी निगेटिव है, जिसकी प्लेटलेटे्स केवल 12000 रह गई थीं।
डॉक्टर ने तुरंत एक जंबो पैक का इंतजाम करने को कहा। आनन-फानन परिवार के सभी सदस्यों का ब्लड ग्रुप चेक कराया, पर सफलता नहीं मिली। किसी सज्जन ने इनका रक्तदाता फाउंडेशन के संस्थापक अमित गोयल का नंबर दे दिया। रात 11 बजे जब केस फाउंडेशन पर आया तो सभी कोऑर्डिनेटर ने अपने प्रयासों से लोगों से संपर्क किया।
करीब एक घंटे बाद वृंदावन सदस्य गोपाल खंडेलवाल ने सुनील यादव से संपर्क कर उन्हें तुरंत सद्भावना ब्लड बैंक भेजकर रक्तदान कराया। बताया जा रहा है कि रात 2 बजे जंबो उपलब्ध हो सका। रक्तवीर सुनील ने बताया की ये मेरा पहला प्लेटलेट्स डोनेशन है। रक्तदान तो पहले कई बार कर चुका हूं, आज ये नया अनुभव है।