बाजना (मथुरा)। शेरगढ़ में बृहस्पतिवार को खाद-बीज की एक दुकान पर जिला कृषि रक्षा अधिकारी डॉ. विभूति चतुर्वेदी के नेतृत्व में छापा मारा गया। छापे के दौरान कृषि से संबंधित नकली दवाओं का जखीरा मिला।
एक प्राइवेट कंपनी की दो नकली दवाएं बड़ी मात्रा में मिलीं। एफएमसी और पीआई कंपनी के अधिकारियों को शेरगढ़ के बाजार में उनकी कंपनी की नकली दवाओं की बिक्री की सूचना मिल रही थी। इसकी जानकारी कंपनी के अधिकारियों ने जिला कृषि रक्षा अधिकारी डॉ. विभूति चतुर्वेदी को दी। उन्होंने कार्रवाई करते हुए शेरगढ़ के पटेल चौक स्थित सुरेश खाद-बीज भंडार पर छपा मारा।
उसके गोदाम से 18 पैकेट एफएमसी का फिटेरा और 18 बॉक्स वायो बीटा नकली दवा बरामद की गई। कृषि अधिकारी ने दुकान को सीज कर दुकानदार के खिलाफ थाना शेरगढ़ में मुकदमा पंजीकृत कराया है। इस दौरान एफएमसी कंपनी के प्रतिनिधि हरीश कुमार शर्मा, ऑपरेशन अधिकारी टीटू शर्मा भी मौजूद थे।