मथुरा। गेहूं क्रय केंद्रों पर दलालों का दबाव कम करने का काम अब पुलिस करेगी। यदि किसी ने क्रय केंद्र प्रभारी पर बिना किसान के गेहूं तुलवाने के लिए दबाव डाला तो पुलिस उसके खिलाफ कार्रवाई करेगी। शनिवार को खाद्य विपणन अधिकारी व एसडीएम ने अडींग गेहूं क्रय केंद्र पर पहुंचकर निरीक्षण किया।
गेहूं क्रय केंद्रों पर ऐसे दलालों की सूचनाएं लगातार आ रहीं हैं, जिनके पास खेत तो नहीं है लेकिन वह कई-कई किसानों के नाम का कूपन लेकर घूम रहे हैं। भारी मात्रा में गेहूं को क्रय केंद्र प्रभारियों के माध्यम से तुलवा रहे हैं। अधिकतर क्रय केंद्रों पर क्रय केंद्र प्रभारी उनसे सांठगांठ कर गेहूं तौल रहे हैं लेकिन कुछ क्रय केंद्र प्रभारियों द्वारा इस संबंध में शिकायत भी की लेकिन कोई मदद नहीं मिली।
अडींग गेहूं क्रय केंद्र पर इसी प्रकार का मामला प्रकाश में आया था। क्रय केंद्र प्रभारी भीम सिंह ने इसकी शिकायत पीसीएफ के प्रबंधक संतोष शर्मा से की थी। शुक्रवार को जिला खाद्य एवं विपणन अधिकारी राजेश्वर सिंह अडींग पहुंचे और साथ में गोवर्धन पुलिस भी मौजूद रही। शनिवार को एसडीएम गोवर्धन राहुल यादव भी पहुंचे और किसानों से वार्ता की गई। बताया कि यदि कोई परेशानी आती है तो वह उन्हें सीधे फोन पर जानकारी दे सकते हैं। वहीं, एसपी देहात श्रीश चंद्र ने बताया कि यदि कोई व्यक्ति सरकारी काम में बाधा पहुंचाएगा तो पुलिस कठोर कार्रवाई करेगी।