वृंदावन (मथुरा)। शनिवार शाम साढ़े तीन साल की मासूम बच्ची के अपहरण का मामला सामने आने के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। एसपी सिटी के नेतृत्व में बनाई गई टीम ने बच्ची को 6 घंटे के भीतर ही सकुशल बरामद कर लिया। पुलिस ने बच्ची को ले जाने वाले आरोपी पति-पत्नी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
शनिवार की शाम करीब पांच बजे चैतन्य विहार स्थित आनंद वाटिका कॉलोनी से घर के बाहर खेलती लगभग साढ़े तीन वर्षीय बालिका अचानक लापता हो गई। मजदूरी कर जीवनयापन करने वाले परिजनों ने आसपास बच्ची की तलाश की लेकिन पता न चलने पर रमणरेती चौकी को सूचना दी। चौकी प्रभारी द्वारा मामले को गंभीरता से नहीं लिया गया। इसके बाद बच्ची के परिजनों ने सामाजिक कार्यकर्ता मनीष शर्मा से संपर्क किया। मनीष शर्मा ने तत्काल पुलिस के आलाधिकारियों को अवगत कराया।
एसएसपी डॉ. गौरव ग्रोवर ने मामले को गंभीरता से लेते हुए एसपी सिटी एमपी सिंह को बच्ची को बरामद करने का जिम्मा सौंपा। पुलिस ने मोबाइल लोकेशन के आधार पर शनिवार आधी रात ओल गांव के समीप से बच्ची को सकुशल बरामद कर लिया है। इस मामले में एसएसपी स्वयं मामले की मॉनिटरिंग करते रहे। पुलिस ने बच्ची के अपहरण के आरोप में आगरा डौकी निवासी मुकेश और उसकी पत्नी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। पुलिस ने बच्ची का मेडिकल करवाकर मजिस्ट्रेट के समक्ष पेश कर उसके परिजनों के बयान दर्ज किए है।
बच्ची को सही सलामत लाना हमारे लिए बड़ी उपलब्धि रही। 6 बजे हमें सूचना मिली और 12 बजे बच्ची को बरामद कर दिया गया।
- मार्तंड प्रकाश सिंह, एसपी सिटी