मथुरा। कोतवाली से चंद कदमों की दूरी पर लॉकडाउन में बंद इलेक्ट्रीकल्स दुकान की डुप्लीकेट चाबी बनवाकर 50 लाख रुपये की चोरी करने वाले नौकर को चार साथियों के साथ पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। इनके कब्जे से चोरी का माल भी बरामद किया गया है।
पुलिस ने जानकारी दी कि गुरुकृपा कॉलोनी मसानी निवासी मृदुल अग्रवाल की कोतवाली रोड पर होलीगेट रोशन गंज के प्रथम तल पर मंगला इलेक्ट्रीकल्स की दुकान है। फिलहाल बिजली फिटिंग सामान के थोक व्यापारी की लॉकडाउन में दुकान बंद है। लेकिन जरूरी ऑर्डर आने पर माल निकाल लिया जाता था, इसके लिए नौकर को चाबी दे रखी थी।
नौकर ने अपने साथियों से मिलकर माल चोरी करना शुरू कर दिया। इसमें एक रिक्शे वाले को शामिल भी कर लिया। दुकान में रखा माल कम होने पर दुकान मालिक को शक हुआ तो उसने दुकान के अंदर और बाहर सीसीटीवी कैमरे लगवा दिए।
पुलिस ने बताया कि 15 मई की शाम को दुकान स्वामी अपने भाई आशीष और कुंजबिहारी के साथ अपनी दुकान पर आए, तभी दुकान पर नौकर रानू जायसवाल निवासी कोयला वाली गली छत्ता बाजार, राजू शर्मा निवासी जनकपुरी महोली रोड और वकील रिक्शे वाला मौजूद था। नौकर दुकान खोलकर माल निकाल रहे थे।
दुकान स्वामी को देख नौकर साथी सहित सभी माल लेकर भाग निकले। सीओ सिटी वरूण कुमार सिंह ने बताया कि कोतवाल सूरज प्रकाश शर्मा और उनकी टीम ने उक्त तीनों और अंकुर जायसवाल निवासी जमुनाबाग रोड सदर बाजार को गिरफ्तार किया है। इनके पास से को 18 सीलिंग फेन, 4 एडजॉस्ट फेन, एक गीजर, 3 रूम हीटर, 16 बंडल केबिल/तार, 129 डिब्बे स्विच सॉकिट एसेसरीज बरामद हुई है। शेष सामान बरामद करने का प्रयास किया जा रहा है।