मथुरा। चुनाव में खपाने के लिए हरियाणा से आगरा जा रही अंग्रेजी और देसी शराब की 550 पेटियां हाईवे पुलिस ने पकड़ी हैं। यह शराब बंद बॉडी के कंटेनर में ले जाई जा रही थी। पुलिस ने एक तस्कर को भी पकड़ा है।
एसपी सिटी मार्तंड प्रकाश सिंह ने बताया कि हरियाणा से बंद बॉडी के कंटेनर में शराब आगरा की तरफ ले जाई जा रही है। यह शराब चुनाव में खपाई जानी थी। सूचना पर हाईवे थाने के एएसआई सुरेंद्र सिंह भाटी और एसओजी प्रभारी धीरज गौतम के साथ टीम को लगाया गया।
रविवार को टीम ने हाईवे पर घेराबंदी कर ली। देरशाम को कंटेनर दिल्ली की तरफ से आता दिखाई दिया। कंटेनर को बाजना पुल के पास रोक लिया गया। कंटेनर में लगी सील को तोड़ा गया तो पुलिस की टीमें भी दंग रह र्गइं। अंदर अंग्रेजी और देसी शराब की 550 पेटियां पुलिस ने कंटेनर समेत कब्जे में लीं। एसपी सिटी ने बताया कि तस्कर जोगेंद्र निवासी जम्मू कश्मीर को गिरफ्तार कर किया गया है।