किसानों के धरने में शामिल अधिकारी।
- फोटो : MATHURA
टैंटीगांव (मथुरा)। भाकियू लोकशक्ति द्वारा तीन सूत्री मांगों को लेकर यमुना एक्सप्रेसवे अंडरपास टैंटीगांव के निकट दिया जा रहा धरना 25वें दिन यमुना विकास प्राधिकरण के अधिकारियों के एक प्रतिनिधिमंडल द्वारा धरनास्थल पर पहुंच कर टैंटीगांव-सुरीर के मध्य कट बनाने के आश्वासन पर स्थगित कर दिया गया।
यमुना एक्सप्रेसवे पर टैंटीगांव सुरीर के मध्य कट सर्विस रोड का निर्माण और छुट्टा गोवंश को गोशाला में भिजवाने की मांग को लेकर भाकियू लोकशक्ति द्वारा यमुना एक्सप्रेसवे टैंटीगांव अंडरपास पुल के निकट धरने पर बैठे थे।
यमुना विकास प्राधिकरण के सीईओ डॉ. अरुणवीर सिंह ने टैंटीगांव-सुरीर के मध्य कट के लिए सहमति प्रदान करते हुए जेपी इंफ्राटेक को उतार-चढ़ाव बनाने के लिए पत्र भेज दिया है। धरनास्थल पर पहुंचे तहसीलदार रनवीर सिंह ने आश्वासन दिया है कि यहां उतार-चढ़ाव अवश्य बनेगा। मुख्य कार्यपालक अधिकारी ने संतुष्टि दे दी है। भाकियू लोकशक्ति के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्योराज सिंह ने कहा कि आश्वासन पर धरना स्थगित कर दिया है।
एसडीएम मांट आदित्य प्रजापति, सीओ मांट नेत्रपाल सिंह चौहान के अलावा लोकदल के कुंवर नरेंद्र सिंह, योगेश नौहवार, डॉ. ललित शर्मा, प्रताप नागर, जिला पंचायत सदस्य कैलाश, कुलदीप लवानियां, भूपेंद्र सिंह राजपूत, महावीर स्वामी, लोकेश ठाकुर, प्रमोद लवानियां, दीपक गुप्ता, विनोद, चंद्रपाल आदि मौजूद थे।