गोवर्धन (मथुरा)। बरसाना क्षेत्र के सीह गांव में शनिवार को तेंदुआ दिखने से लोगों में दहशत है। जंगल में घूमते तेंदुए का वीडियो बनाकर ग्रामीणों ने सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया था।
अमर उजाला ने इस खबर को प्रकाशित किया, तब वन विभाग की नींद टूटी। रात में गश्त के बाद रविवार को उप प्रभागीय वनाधिकारी प्रभाकांत पांडेय, वन क्षेत्राधिकारी ब्रजेश परमार आदि आगरा की वन जीव स्पेशलिस्ट टीम के साथ सीह पहुंचे। जंगल में कांबिंग कर तेंदुआ के पैरों के निशानों से साक्ष्य जुटाकर कर जांच को भेजे। वनकर्मियों की टीम उसकी तलाश में जुटी रही।
शनिवार को सीह गांव के जंगल में ग्रामीणों ने तेंदुए को विचरण करते देखा था। इसकी वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। तेंदुआ की आहट से लोग घरों में दुबक गए। इसकी सूचना वन विभाग और थाना पुलिस को दी थी। रात में पुलिस और वन क्षेत्राधिकारी मनोज कुमार गांव पहुंचे। जंगल में गश्त कर काफी तलाश की थी, लेकिन कोई सफलता नहीं मिली।
रविवार को वन विभाग के उप प्रभागीय वनाधिकारी, वन क्षेत्राधिकारी गोवर्धन, मथुरा, कोसी, वन जीव स्पेसलिस्ट (वाइल्ड लाइफ) टीम के साथ मौके पर पहुंचे। जंगल में कांबिंग कर तेंदुआ के पैरों के निशानों से उसकी तलाश की। विष्णु शर्मा ने बताया कि गांव के जंगल में तेंदुआ देखा गया है। वन दरोगा आशीष कुमार ने बताया कि जंगल में लगातार गश्त की जा रही है।
सीह में तेंदुआ की जानकारी मिलने पर टीम कांबिंग कर रही है। आगरा से वन्य जीवों के एक्सपर्ट बुला कर उसके पैरों के चिन्ह जांच को भेजे हैं। जाल, पिंजड़ा आदि उपकरण भी मौके पर मंगा लिए हैं।
- मनोज कुमार वन क्षेत्राधिकारी गोवर्धन।