फरह (मथुरा)। वाणिज्य कर विभाग के अधिकारी व कर्मचारियों द्वारा टोल प्लाजा पर बड़ी गाड़ियों की चेकिंग की जा रही है। इस दौरान अचानक गाड़ी को हाथ दिया जाता है। गाड़ी रोकने के दौरान पीछे से आ रहे अन्य वाहन गाड़ियों से टकरा रहे हैं। बुधवार को वाणिज्य कर अधिकारी के साथ मौजूद गाड़ी के चालक सिपाही के सिर में चोट लग गई।
महुअन टोल प्लाजा पर वाणिज्य कर विभाग के सचल दल द्वारा रोजाना गाड़ी लगाकर लोडेड भारी वाहनों की चेकिंग की जाती है। बुधवार दोपहर को नागालैंड नंबर के एक कंटेनर के सामने सचल दल गाड़ी के चालक व एक अन्य सिपाही अचानक डंडा लेकर खड़े हो गए। चालक ने कंटेनर को नहीं रोका तो मौजूद सिपाही ने चालक में डंडा फेंक कर मारा। डंडा कंटेनर में लगने के बाद वापस सचल दल गाड़ी के चालक के सिर में लगा और सिर से खून बहने लगा। कंटेनर चालक अपनी गाड़ी लेकर आगे बढ़ गया। घायल चालक का इलाज कराया। गाड़ी में मौजूद असिस्टेंट कमिश्नर वाणिज्य कर विभाग विनय गुप्ता ने बताया कि बंद कंटेनर को चेकिंग के लिए रोका गया था कि तभी चालक के सिर में चोट लगी है। गाड़ी का नंबर लेकर उसके खिलाफ कार्रवाई की जा रही है।