मथुरा। शेरगढ़ के गांव रान्हेरा माइनर के पास डंपर की टक्कर से बाइक सवार की मौत हो गई। युवक शेरगढ़ के गांव लाडपुर अपने दोस्त विष्णु के साथ जा रहा था। पुलिस ने शव को कब्जे में लिया। पुलिस का कहना है कि युवक हेलमेट पहने होता तो जान बच सकती थी।
छाता के गांव बिड़ावली निवासी अमरनाथ (20) पुत्र भगवान सिंह बुधवार की दोपहर दोस्त विष्णु निवासी लाडपुर के घर जा रहा था। आगे बाइक पर विष्णु अकेला चल रहा था तो पीछे अपनी बाइक पर अमरनाथ चल रहा था। रान्हेरा माइनर के पास बाइक पहुंची ही थी कि सामने से आ रहे डंपर ने टक्कर मार दी। दुर्घटना देखकर आसपास ग्रामीण एकत्रित हो गए। डंपर को पकड़कर शेरगढ़ पुलिस को सूचित कर दिया। शेरगढ़ पुलिस ने घायल अमरनाथ को केडी हॉस्पिटल में भर्ती कराया। यहां पर कुछ देर बाद ही युवक ने दम तोड़ दिया। युवक की मौत से परिवार में कोहराम मच गया है। प्रभारी निरीक्षक अनुज कुमार ने बताया कि डंपर कब्जे में ले लिया है। तहरीर मिलने पर मुकदमा दर्ज किया जाएगा।