मथुरा के नौहझील में तीन माह से लापता युवक की हत्या का राज खुल गया है। पत्नी से बातचीत से नाराज पति ने अपने चचेरे भाई के साथ मिलकर पड़ोसी की गला घोंटकर हत्या की थी। इसके बाद आरोपियों ने शव को यमुना में फेंक दिया था। सबूत मिटाने के लिए उसके कपड़े जला दिए। मृतक के मोबाइल को पानी से भरे गड्ढे में फेंक दिया। पुलिस ने आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया गया है। उसके फरार चचेरे भाई की तलाश की जा रही है।
नौहझील के नसरा कॉलोनी निवासी 28 वर्षीय देवेंद्र पाठक 23 अगस्त की रात लापता हो गए थे। उनके बड़े भाई अशोक कुमार ने 12 सितंबर को गुमशुदगी दर्ज कराई थी। परिजन को पड़ोसी दंपती पर शक था। पुलिस ने कॉल डिटेल खंगाली तो पड़ोसी मोहन के मोबाइल पर बातचीत का सुराग मिला। इसके बाद मोहन को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। पूछताछ में मोहन ने बताया कि देवेंद्र उसकी पत्नी ऊषा से फोन पर बात करता था। इसी बात से नाराज होकर उसने ऊषा से फोन कराकर देवेंद्र को अपने घर बुलवाया। देवेंद्र के घर पहुंचने पर मोहन ने अपने चचेरे भाई श्यामवीर के साथ मिलकर गमछे से गला घोंटकर उसकी हत्या कर दी। पुलिस ने आरोपी मोहन को गिरफ्तार कर उसकी पत्नी को हिरासत में ले लिया है। श्यामवीर की तलाश जारी है। अब पुलिस यमुना में मृतक के शव की तलाश कर रही है।
पेट्रोल पंप से खरीदा 50 रुपये का पेट्रोल
पुलिस के मुताबिक, आरोपियों ने बताया कि उन्होंने उसी रात करीब साढ़े तीन बजे पेट्रोल पंप से 50 रुपये का पेट्रोल खरीदा। देवेंद्र का शव बोरे में रखकर बाइक पर रखा और उसे ले जाकर यमुना नदी में फेंक दिया। साक्ष्य मिटाने के लिए देवेंद्र के कपड़ों पर पेट्रोल डालकर आग लगा दी गई। उसका मोबाइल निषादराज तिराहे के पास पानी से भरे गड्ढे में फेंक दिया।
परिजन पहुंचे थाने, तलाश जारी
हत्याकांड का खुलासा होने पर पुलिस ने मृतक के परिजन को सूचना दी। सुबह परिजन थाने पहुंचे और पुलिस से शव बरामद करने की मांग की। शुक्रवार को पुलिस ने यमुना नदी में गोताखोरों की मदद से तलाश अभियान चलाया। मोबाइल बरामद करने के लिए गड्ढे से पानी निकलवाया। देर शाम तक दोनों प्रयासों में सफलता नहीं मिली। पुलिस ने शव की तलाश के लिए बाहर से गोताखोरों की टीम बुलाई है। घटना के बाद कस्बे में तनाव का माहौल है। पुलिस स्थिति पर नजर रखे हुए है।