मांट/छाता (मथुरा)। स्वामित्व योजना के तहत तहसील मांट में विधायक ने आवास का मालिकाना हक दिलाने के लिए घरौनी प्रमाण पत्र बांटे।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की महत्वाकांक्षी स्वामित्व योजना के तहत शनिवार को तहसील मांट के सभागार में विधायक राजेश चौधरी ने 150 से अधिक लोगों को उनका मालिकाना हक दिलाने के लिए घरौनी प्रमाण पत्र बांटे। विधायक ने कहा कि अब इस योजना के तहत सभी को गांवों में शहर की तरह मालिकाना हक मिलेगा।
इतना ही नहीं अब घर की जमीन पर लोन भी बैंक से आसानी से मिल सकेगा। इसके अलावा गांवों में अवैध कब्जा जमीन भी मुक्त होगी। एसडीएम इंद्रनंदन सिंह ने बताया कि मांट तहसील से 194 गांवों में से 150 से अधिक गांवों का घरौनी का ड्रोन कैमरा के माध्यम से सर्वे हो चुका है। बाकी सभी गांवों का भी जल्द सर्वे कर घरौनी प्रमाण पत्र बांटे जाएंगे। इस मौके पर तहसीलदार मनीष भदौरिया, नायब तहसीलदार ब्रजेश सिंह, विनोद चौधरी, गुलेशर सिंह, जसवंत सिंह आदि मौजूद थे। संवाद
छाता तहसील सभागार में एसडीएम कमलेश कुमार गोयल की अध्यक्षता में तहसील के गांव खायरा, महराना, नौगांव, दौताना, पैगांव, खरौट, बरका, लाडपुर एवं आजनौख के ग्रामीणों को घरौनी प्रमाण पत्र वितरित किए गए। छाता तहसील में 350 से अधिक गांव हैं। इस मौके पर तहसीलदार विवेकशील यादव, प्रतिनिधि कैबिनेट मंत्री नरदेव चौधरी, लेखपाल याकूब आलम, कानूनगो मोहम्मद हसन आदि मौजूद थे।