मथुरा। कृष्णानगर के मधुवन होटल के पास निर्माणाधीन शोरूम में मजदूर की बेरहमी से हत्या कर दी गई। उसके सिर के पीछे और पैरों पर फावड़े से कई वार किए गए। यह हत्या शुक्रवार की देर रात की गई है। शनिवार को कृष्णानगर पुलिस ने शव को कब्जे में लिया। पुलिस प्रथमदृष्टया शराब के नशे में यह हत्या मान रही है।
मध्यप्रदेश के सरखड़ी, दमोह निवासी संतोष अहिरवार (45) पुत्र मिरचू मथुरा में रहकर ठेकेदार के नीचे मजदूरी कर रहा था। शनिवार की सुबह मधुवन होटल के पास निर्माणाधीन शोरूम की पहली मंजिल पर खून से लथपथ संतोष का शव मिलने की सूचना पर कृष्णानगर चौकी प्रभारी राकेश यादव पुलिसबल के साथ पहुंच गए। शव के पास से ही फावड़ा भी बरामद किया।
मृतक के परिजनों को सूचना भी दी। एसपी सिटी मार्तंड प्रकाश सिंह ने बताया कि मृतक मजदूर अविवाहित था। ठेकेदार के नीचे पिछले तीन सालों से मथुरा में रहकर मजदूरी कर रहा था। शराब पीने का आदी मजदूर का झगड़ा होने पर ही हत्या की गई है। हालांकि अभी तक किसी ने तहरीर नहीं दी है। तहरीर मिलने पर मुकदमा दर्ज किया जाएगा।
कृष्णानगर पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज खंगाले, की पूछताछ
कृष्णानगर पुलिस मजदूर की हत्या किसने की, इसके खुलासे में जुटी हुई है। पुलिस ने आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले हैं, वहीं अन्य मजदूरों से पूछताछ की है। पुलिस दावा कर रही है कि जल्द ही हत्याकांड का खुलासा किया जाएगा।