महावन (मथुरा)। प्रदेश सरकार ने महावन की प्रसिद्ध मिठाई खीरमोहन की बिक्री पर पाबंदी लगाए जाने के निर्णय को लेकर शनिवार को उद्योग व्यापार प्रतिनिधिमंडल के जिलाध्यक्ष प्रदीप अग्रवाल दाल वाले की अध्यक्षता में व्यापारियों व दुकानदारों की बैठक हुई।
इस दौरान खीरमोहन बनाने में शासन द्वारा जो कमियां बताई गई हैं उनमें सुधार करने का निर्णय लिया गया। व्यापारियों का कहना था कि वे शुद्ध मिठाई बनाते आए हैं, आगे भी शुद्ध ही बनाएंगे। यदि शासन कुछ सुधार करना चाहता है तो हम बदलाव करने को तैयार हैं। इतनी प्रसिद्ध और पुरानी मिठाई को पूर्णत: प्रतिबंधित करना उचित नहीं है। इससे सैकड़ों परिवारों का पालन पोषण हो रहा है।
जिलाध्यक्ष प्रदीप अग्रवाल ने कहा कि व्यापारी अपनी तरफ से शुद्धता का पूरा ध्यान रखते हैं लेकिन बदलते समयानुसार शासन को भी अपने मानकों के विषय में व्यापारियों को अवगत कराते रहना चाहिए, फिर भी अगर अधिकारी मनमानी से किसी भी व्यापारी को प्रताड़ित करने का प्रयास करेंगे तो व्यापारी सड़क पर आने और आंदोलन को मजबूर होंगे।
बैठक में जिला महामंत्री योगेश चतुर्वेदी, अतुल सोड़ावाला, कृष्णगोपाल, महावन अध्यक्ष चंद्रमोहन अग्रवाल, युवा जिलाध्यक्ष नितेश अग्रवाल, गुड्डू सैनी, रामबाबू सैनी, बृजेश शर्मा, प्रमोद यादव आदि दुकानदार मौजूद थे।