नगर निगम के खिलाफ प्रदर्शन करते घुमंतू जाति के लोग।
मथुरा। बीएसए कॉलेज के मुख्यद्वार के समीप झुग्गी झोंपड़ी में रहने वाले घुमंतू जाति पर नगर निगम ने कहर बरपा दिया है। जेसीबी से लकड़ी की टटिया के अवैध ठिकानों को मंगलवार को तोड़-फोड़कर हटा दिया गया। इससे घुमंतू जाति के लोग रातभर सर्दी में ठिठुरते रहे।
बुधवार को बीएस कॉलेज के गेट पर समाजसेवी ताराचंद गोस्वामी ने पहुंचकर उनसे पूरी जानकारी की। उसके बाद ही ताराचंद गोस्वामी उनके साथ बीएस कॉलेज के गेट के पास धरने पर बैठ गए। नगर निगम के खिलाफ धरना देते हुए उनका कहना है कि इस सर्दी के मौसम में यह बेघर कहां जाएंगे। तोड़फोड़ से पहले निगम को हटाने की चेतावनी या फिर नोटिस देना चाहिए था।
नगर निगम तानाशाह रवैया अपना रहा है। एक तरफ मोदी और योगी तो गरीबों के उत्थान का रोना रो रहे हैं, उनकेे नुमाइंदे गरीबों पर कह बरपा रहे हैं। जानकारी मिलने पर नगर निगम के महापौर डॉ. मुकेश आर्य बंधु ने पीड़ितों को रहने के लिए उचित स्थान उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया है। धरने पर गुड्डी, नींबू, बसंती, नीतू, यादवेंद्र, पिंकी, सपना, संजू, कमला, गीता, कस्तूरी, अनीता, क्रांति, आकाश, सोना, तारा, राजकुमारी, हेमा, राम सिंह, अंजू धनगर आदि घुमंतू समाज के लोग मौजूद रहे।