मथुरा। पिछले तीन दिन से जनपद में कोरोना पॉजिटिव केस मिल रहे हैं। नए पॉजिटिव केस मिलने से जहां स्वास्थ्य विभाग चिंतित है, वहीं लोग बेपरवाह हो रहे हैं। मंदिरों से लेकर बाजारों में भीड़ उमड़ रही है। सामाजिक दूरी का पालन करना लोग भूल बैठे हैं।
अभी तीसरी लहर के आने का खतरा बना हुआ है, लेकिन इन सब के बावजूद सार्वजनिक जीवन में कोरोना गाइडलाइन का पालन नहीं हो रहा है। लॉकडाउन में ढील के साथ ही मुख्य बाजारों में भीड़भाड़ दिखाई दे रही है, जिसमें न तो लोग एक-दूसरे से दूरी बनाए हैं और न ही मास्क लगाए जा रहे हैं। शहर होलीगेट, छत्ता बाजार, चौक बाजार, कोतवाली रोड, कृष्णा नगर, आर्य समाज रोड, डीग गेट, भरतपुर गेट, घीया मंडी में भीड़ भरे बाजारों में लोग एक-दूसरे से सटकर खरीदारी करते देखे जा सकते हैं, जिन्हें कोई रोकने वाला नहीं है।
इसी तरह से मंदिरों में भी भक्तों का सैलाब उमड़ रहा है। वृंदावन, मथुरा के द्वारिकाधीश, गोकुल, बरसाना आदि मंदिरों में भीड़ के साथ भक्त दर्शन करते नजर आ रहे हैं, जिसमें सामाजिक दूरी और मास्क का सही पालन होता दिखाई नहीं दे रहा।