मथुरा। विवाहिता के हत्यारोपी पति और सास की तलाश में कोतवाली पुलिस दबिश दे रही है। हालांकि अभी तक पुलिस को इसमें कामयाबी नहीं मिल सकी है। कोतवाली पुलिस ने ससुर और ननद को जेल भेज दिया है। दावा किया जा रहा है कि जल्द ही दोनों हत्यारोपी पुलिस की गिरफ्त में होंगे।
१३ जनवरी को शहर की मानस नगर कॉलोनी में विवाहिता चंचल (३१) की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। उसके बाद ससुरालीजन शव को वृंदावन के एक अस्पताल में छोड़कर भाग खड़े हुए थे। मृतका के पिता राजन सिंह ने पति समेत चार के खिलाफ कोतवाली में हत्या का मुकदमा दर्ज कराया था।
कोतवाली पुलिस ने अकबरपुर के पास से बुधवार को ससुर प्रताप सिंह और ननद लवली को गिरफ्तार कर लिया था। मृतका की बेटी सानवी और बेटे वैदिक को सुरक्षित बरामद करते हुए नाना राजन सिंह की सुपुर्दगी में दे दिया है।
हत्यारोपी पति और सास की तलाश में पुलिस की टीमें दबिश दे रही हैं। हालांकि दोनों में से कोई हत्थे नहीं चढ़ सका है। शहर कोतवाल विजय कुमार सिंह ने बताया कि पुलिस की टीमें हत्यारोपी पति और सास शीतल की तलाश कर रही हैं। जल्द ही दोनों हत्यारोपी पुलिस की गिरफ्त में होंगे। ससुर और ननद को बृहस्पतिवार को जेल भेज दिया गया है।