गोवर्धन (मथुरा)। सकरवा मार्ग पर चोरों ने दीवार काटकर परचून की दुकान से लाखों रुपये का सामान चोरी कर लिया। घटना दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। पुलिस सीसीटीवी से चोरों की पहचान के प्रयास कर रही है।
शनिवार की रात चोरों ने सकरवा मार्ग स्थित परचून के थोक विक्रेता गिरिराज प्रसाद की दुकान को निशाना बनाया। चोर दुकान की दीवार काटकर मेवा, गुटखा, बीड़ी, सिगरेट, तंबाकू आदि सामान चोरी कर ले गए। घटनाक्रम दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गया।
रविवार सुबह दुकान मालिक दुकान खोलने गया। दुकान में सामान बिखरा एवं दीवार कटी देख उसे चोरी की जानकारी हुई। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंच गई। वहां लगे सीसीटीवी कैमरे में आरोपियों की पहचान के लिए फुटेज निकाले हैं।
दुकान संचालक गिरिराज प्रसाद ने बताया कि तीन वर्ष से लगातार दुकान में चोरी हो रही है। दो लाख रुपये से अधिक के सामान की चोरी हुई है। पुलिस कोई कार्रवाई नहीं कर रही है। थानाध्यक्ष राजकमल सिंह ने बताया दुकान में चोरी हुई है।
सीसीटीवी में आरोपियों की पहचाना कराकर कार्रवाई करेंगे। दूसरी ओर, विगत माह पलसों गांव में लक्ष्मण प्रसाद के घर हुई चोरी की वारदात का गोवर्धन पुलिस खुलासा नहीं कर पाई है। पुलिस हर बार आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल कर घटना को ठंडे बस्ते में डाल देती है। इससे चोरों के हौसले बुलंद हैं।