मथुरा। मंगलवार से अनलॉक लागू होने के साथ ही लोग कोरोना संक्रमण को भूल गए हैं और बाजारों में भीड़ उमड़ रही है। जिसके चलते लगता है कि शहर में एक बार फिर कोरोना वायरस दस्तक दे सकता है और हालात बिगड़ने की संभावना बढ़ी है। बाजारों में आ रही भीड़ सरकार के दिए गए दिशानिर्देशों का खुलेआम उल्लंघन कर रही है। इस पर पुलिस व प्रशासन की खामोशी उन्हें और बेलगाम कर रही है।
अनलॉक प्रारंभ हुए दो दिन बीत चुके हैं और बाजार में सुबह होते ही भीड़ लग जाती है। दोपहर होते ही यह भीड़ छट जाती है, लेकिन शाम को फिर बाजारों में आवाजाही बढ़ गई है। हालात ऐसे हो रहे हैं कि बाजार में एक भी वाहन फंसने से जाम की स्थिति पैदा हो जाती है। ऐसे में सोशल डिस्टेंसिंग का पालन नहीं हो पाता है। बाजार में आने वाले लोगों में 10 से 15 प्रतिशत लोग ही मास्क पहनकर आ रहे हैं। बाजार खुलने व भीड़ के जमा होने का मुख्य कारण गाइडलाइन के अनुसार बाजारों का नहीं खुलना है। ऐसे हालात में लगता है कि कोरोना वायरस का संक्रमण दोबारा नगर को अपनी चपेट में ले सकता है।
दुकानदार ही भूले नसीहत
लॉकडाउन के समय व्यापारी नेताओं ने दुकानदारों को कोरोना संक्रमण से बचाव के लिए मास्क लगाने और सोशल डिस्टेंसिंग के साथ सैनिटाइज करते रहने की नसीहत दी, लेकिन बाजार खुलते ही दुकानदार इन नसीहतों को भूल बैठे हैं। बाजार की दुकानों पर बैठे अधिकांश दुकानदार नियमों की अनदेखी कर रहे हैं। ना स्वयं मास्क लगा रहे हैं और ना ही ग्राहक पर मास्क लगाकर प्रवेश करने के लिए दबाव बनाया जा रहा है।