टॉस के दौरान खड़े दोनों टीम के कप्तान।
मथुरा। उत्तर प्रदेश वेटरन क्रिकेट एसोसिएशन के तत्वावधान में चल रहे डॉ. गौर हरि सिंघानिया टी-20 कप में पूल ‘सी’ मुकाबले में आगरा और मथुरा वेटरंस की टीम के बीच मैच हुआ। मथुरा की टीम ने 17 ओवर में ही लक्ष्य प्राप्त कर मैच अपने नाम कर लिया। मथुरा की टीम 14 साल बाद आगरा को हराने में सफल हो पाई है।
मथुरा वेटरंस के कप्तान कृष्ण वीर सिंह ने टॉस जीतकर पहले क्षेत्ररक्षण का निर्णय लिया। आगरा टीम ने निर्धारित ओवरों में 139 रन बनाए। इसमें जावेद शमीम ने 47 और जुगल शर्मा ने 34 रन बनाए। मथुरा टीम के अजय जडेजा ने 3, अफजल और विजय चौहान 2-2, हेमराज चौधरी ने 1 विकेट लिया। लक्ष्य प्राप्ति को उतरी मथुरा वेटरंस की टीम ने 17 ओवर में ही 143 रन बनाकर मैच जीत लिया। विजय चौहान ने 30 गेंदों पर 65 रन की तूफानी पारी खेली। कुलविंदर बग्गा ने 46 रन की शानदार पारी खेलते हुए जीत में अहम भूमिका निभाई।
विजय चौहान को मैन ऑफ द मैच चुना गया। इससे पूर्व मैच का शुभारंभ मथुरा वेटरन क्रिकेट एसोसिएशन के सचिव प्रवीण भारद्वाज और अध्यक्ष शैलेश मिश्रा ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त करके किया। मैच समाप्ति पर अतिथियों ने विजेता टीम को पुरस्कृत किया। इस दौरान डॉ. महेश मित्तल, श्याम चतुर्वेदी, अनुराग चौहान, गौरव शर्मा, नितिन कटरा और जितेंद्र भरंगर समेत अन्य मौजूद रहे।