मथुरा। सहारनपुर से नानी के घर बिहार जा रहा 9 वर्षीय बालक अपनी मां से बिछड़कर गलती से अमृतसर-इंदौर एक्सप्रेस में सवार हो गया, जबकि उसकी मां सही ट्रेन में सवार हो गई। मां न दिखने पर उसे गलत ट्रेन में बैठने का पता चला तो वह रोने लगा। सवारियों ने इसकी जानकारी रेलवे चाइल्ड लाइन को दी। रेलवे चाइल्ड लाइन ने बच्चे को मथुरा जंक्शन पर उतारकर परिजनों को सूचना दी।
गांव सापला, देवबंद (सहारनपुर) निवासी समर्थ मां साजिया के साथ बिहार जा रहा था। मां तो सही ट्रेन में सवार हो गई, लेकिन बालक अमृतसर-इंदौर एक्सप्रेस में बैठ गया। ट्रेन के चलने पर वह रोने लगा। बच्चे को रोते देख ट्रेन में मौजूद सवारियों ने रेलवे चाइल्ड लाइन के नंबर पर सूचित किया। सूचना पर मथुरा में रेलवे चाइल्ड लाइन के कोऑर्डिनेटर मोहम्मद सईद ने शाम चार बजे बच्चे को मथुरा जंक्शन पर उतार लिया। बालक से जानकारी करने के बाद परिजनों को जानकारी दी। कोऑर्डिनेटर ने बताया कि परिजन मथुरा आएंगे तो बालक और परिजनों को सीडब्ल्यूसी के समक्ष प्रस्तुत किया जाएगा और अग्रिम कार्रवाई सीडब्ल्यूसी के आदेश अनुसार की जाएगी।