मथुरा। शहर के दो प्रमुख चौराहे और एक हाईवे का चौराहा जल्द ही सीसीटीवी कैमरों की जद में होगा। इसके अलावा कृष्णानगर के प्रमुख बाजार, ज्वेलर्स के शोरूम और बैंकों पर भी सीसीटीवी कैमरों से नजर रखी जाएगी। कृष्णानगर चौराहे के पास पुलिस के बनने वाले इस बूथ पर पुलिस हर गतिविधियों पर निगाह तो रखेगी, वहीं जाम लगने पर तत्काल हरकत में भी नजर आएगी।
महानगर के प्रमुख बाजारों में शुमार कृष्णानगर में बड़े-बड़े शोरूम और ज्वेलर्स शोरूमों के चलते भीड़ का दबाव पूरी तरह बना रहता है। ऐसा नहीं है कि इन शोरूम पर सीसीटीवी कैमरों की अपनी व्यवस्था है, पर पुलिस अब अपने सीसीटीवी से पूरी निगरानी रखना चाहती है। मकसद है कि वारदात को रोकने के साथ ही जाम से भी कृष्णानगर को राहत दिलवाना। इसके लिए शहर के भूतेश्वर तिराहा, कृष्णानगर चौराहा और हाईवे के गोवर्धन चौराहे पर सीसीटीवी जल्द लगाए जाएंगे। इसके अलावा कृष्णानगर और राधानगर बाजार के अलावा बड़े-बड़े ज्वेलर्स के शोरूमों को भी सीसीटीवी के जद में लिया जाएगा।
कृष्णानगर में करीब 18 स्थानों पर यह सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे। इसके लिए चौकी कृष्णानगर प्रभारी राकेश यादव जुट गए हैं। सीओ सिटी वरुण कुमार सिंह ने बताया कि एक बूथ कृष्णानगर चौराहे पर लगाया जाएगा। इस बूथ में कंट्रोल रूम बनाया जाएगा। इस कंट्रोल रूम से पूरी निगाह रखी जाएगी। यहां से वारदात या फिर जाम की जानकारी मिलने के बाद पुलिस एक्शन में दिखेगी। जल्द ही यह कैमरे लगाए जाएंगे।
24 घंटे कंट्रोल रूम में सिपाही रहेगा मुस्तैद
चौकी प्रभारी राकेश यादव ने बताया कि बूथ में बनने वाले कंट्रोल रूम में 24 घंटे एक सिपाही ड्यूटी पर मुस्तैद रहेगा। यह सीसीटीवी पर पूरी निगाह रखेगा। वहीं कोई वारदात या फिर जाम का मामला सामने आएगा तो तत्काल सूचना पर पुलिस हरकत में दिखेगी।