मथुरा। वृंदावन स्थित प्रियाकांतजू मंदिर में बीएसएफ ब्रास बैंड ने दिया देशभक्ति का संदेश।
- फोटो : VRINDAVAN
वृंदावन (मथुरा)। बीएसएफ के ब्रास बैंड ने ठाकुर श्रीप्रियाकांत जू मंदिर में श्रद्धालुओं के बीच देशभक्ति संगीत बजाकर शहीदों का वंदन किया। अर्द्धसैनिक बल के ब्रास बैंड पोशाकधारी सैनिकों के वाद्ययंत्रों ने जब सेना की धुन बजानी शुरू की तो राह चलते लोगों के कदम भी ठहर गए। बैंड ने देशभक्ति गीतों के साथ भजनों पर भी अपनी प्रस्तुति दी। मंदिर प्रबंधन द्वारा सैनिकों को सम्मानित किया गया।
कमांडेंट वीरेंद्र दत्ता एवं विनोद अधिकारी (द्वितीय कमान) के मार्गदर्शन में बीएसफ की 178 बटालियन के जवानों की टुकड़ी छटीकरा मार्ग स्थित ठा. श्रीप्रियाकांतजू मंदिर पहुंची। मंदिर प्रांगण में 18 सदस्यीय ब्रॉस बैंड ने एएसआई भगवान दास के नेतृत्व में ‘सत्यम शिवम सुंदरम’ की धुन से कार्यक्रम का शुभारंभ किया। ‘हर करम अपना करेंगे, ऐ वतन तेरे लिये’, ‘मेरा रंग दे बसंती चोला’, सारे जहां से अच्छा हिन्दोंस्ता हमारा’ जैसे देशभक्ति गीतों पर एक घंटे की शानदार प्रस्तुतियों दी।
डिप्टी कमांडेंट जेएस चौहान ने बताया कि कार्यक्रम का उद्देश्य अर्द्धसैनिक बल के सैनिकों का आम जनता से सीधा जुड़ाव करना है। ‘एक भारत-श्रेष्ठ भारत’ के अंतर्गत देश के नागरिकों में यह संदेश पहुंचा रहे हैं कि सैनिक सीमा के साथ आमजन के बीच भी अपनी महत्वपूर्ण भूमिका का निर्वहन करते हैं। विश्व शांति सेवा चैरिटेबल ट्रस्ट के विजय शर्मा एवं मंदिर प्रबंधक रवि रावत ने बीएसएफ अधिकारी एवं जवानों को पटका पहनाकर सम्मानित किया। बीएसफ से हरिनारायण सिंह, पैप सिंह, सत्यवान चैधरी, जगदीश वर्मा, किशन गौड़, सुमित शर्मा, गजेंद्र सिंह आदि उपस्थित रहे।