जम्मू में आतंकवादियों से लोहा लेते हुए ब्रज का एक और लाल शहीद हो गया। शहीद समोद चौधरी गोवर्धन के गांव भवनपुरा का रहने वाला थे। बुधवार देर रात खबर पहुंची तो पूरा गांव गम में डूब गया। शहीद का शव शुक्रवार को पहुंचने की संभावना है।
किसान बच्चू के दो पुत्रों में छोटे समोद चौधरी (30वर्ष) बारह वर्ष पूर्व सेना में भर्ती हुए थे। वर्तमान में वह जम्मू के वादीपुरा में तैनात थे। कुछ दिन पूर्व ही गांव से छुट्टी बिताकर ड्यूटी पर गए। बुुधवार देर रात समोद के शहीद होने की खबर गांव पहुंची।
गुरुवार को पूरे गांव में शहीद समोद की ही चर्चा रही। बुजुर्गों और ग्रामीणों ने इस बात की जानकारी से घर की महिलाओं को वंचित रखा। ग्रामीणों के अनुसार जम्मू में आतंकवादियों के विरुद्ध स्पेशल आपरेशन में समोद शहीद हुए। गुरुवार को दोपहर में वादीपुरा संपर्क करने पर पता चला कि शव शुक्रवार को पहुंचेगा। शहीद जवान समोद का विवाह 10 वर्ष पूर्व भरतपुर के गांव बरसो निवासी सीमा से हुआ था। उनके दो बेटे शिवम (9) और नकुल (7) हैं।