मथुरा। नगर निगम के केंद्रीय कार्यालय में बुधवार को कोविड-19 टीकाकरण की फ्रंटलाइन वर्कर को बूस्टर डोज लगाने के लिए शिविर का आयोजन किया गया। निरीक्षण करने पहुंचे नगर आयुक्त अनुनय झा ने नगर स्वास्थ्य अधिकारी को निर्देशित किया कि 3 दिन के अंदर सभी कर्मचारियों को बूस्टर डोज लग जानी चाहिए।
नगर आयुक्त ने आदेश दिए कि टीकाकरण कार्यक्रम में किसी भी प्रकार की शिथिलता न बरती जाए। नगर आयुक्त ने नगर के संपूर्ण व्यावसायिक क्षेत्रों, पर्यटन स्थलों एवं कंटेनमेंट जोन में प्रतिदिन सैनिटाइजेशन कराने के निर्देश दिए हैं।
उन्होंने मोहल्ला निगरानी समिति के माध्यम से कोविड लक्षण युक्त एवं कोविड पॉजिटिव व्यक्तियों को मेडिकल किट अविलंब उपलब्ध कराने के साथ-साथ कंटेनमेंट जोन में सफाई व्यवस्था का विशेष ध्यान रखे जाने की बात कही। निरीक्षण के वक्त नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. केए कुरैशी, क्षेत्रीय स्वास्थ्य अधिकारी एसएस यादव, रामानंद त्यागी, केके सिंह व नीरज कुमार आदि उपस्थित रहे।