वृंदावन (मथुरा)। वंशीवट स्थित चरणाश्रय आश्रम में शनिवार को अखंड हनुमान चालीसा और सुंदरकांड पाठ का पूर्णाहुति के साथ समापन हो गया। आश्रम के श्रीमहंत डॉ. अधिकारी गुरुजी महाराज के सानिध्य में प्रारंभ हुए इस अनुष्ठान में 17 वेदपाठी ब्राह्मणों ने सुबह हनुमान चालीसा और शाम को सुंदरकांड का अखंड पाठ किया। साथ ही महामारी से मुक्ति दिलाने की प्रार्थना की गई।
अष्ट दिवसीय अनुष्ठान के समापन अवसर पर आश्रम के श्रीमहंत डॉ. अधिकारी ने बताया कि विश्व शांति और कोविड से मुक्ति की मनोकामना लेकर शनिश्चरीय अमावस्या पर प्रारंभ हुए अनुष्ठान में हनुमान चालीसा पाठ, सुंदरकांड के साथ शनि एकाक्षरी मंत्र के 51 लाख पाठ किए गए। उन्होंने बताया गुप्त नवरात्र के अवसर पर हर दिन कन्या पूजन के साथ उन्हें भोजन और दक्षिणा भी प्रदान की गई है।
अनुष्ठान का समापन पूर्णाहुति के साथ हो गया। अनुष्ठान के मुख्य यजमान सुरेंद्र सिंह यादव रहे। इस मौके पर डॉ. अनीता सिंह यादव, विपुल सिंह यादव, मदन गोपाल, आचार्य आकाश शास्त्री ने भी सहभागिता की।