मथुरा/बलदेव। यमुना एक्सप्रेसवे पर माइल स्टोन-125 पर बाइक सवार लुटेरों ने हथियार के बल पर 700 पेटी बीयर से भरा कैंटर लूट लिया। कैंटर का टायर फटने पर सही करते वक्त चालक और क्लीनर को बंधक बनाकर लुटेरों ने यह वारदात की। लुटेरों ने चालक से 27 सौ रुपये और दो मोबाइल भी लूट लिए। कैंटर लेकर चले लुटेरे माइल स्टोन-132 पर पहुंचे तो फिर टायर फट गया। कैंटर और चालक-क्लीनर को छोड़कर लुटेरे भाग खड़े हुए। बलदेव पुलिस ने पूरी जानकारी जुटाकर मुकदमा दर्ज किया।
इटावा के जसवंत नगर निवासी शिवकुमार पुत्र भीकम सिंह कैंटर चालक हैं। क्लीनर कासगंज निवासी पिंटू के संग ग्रेटर नोएडा के सूरजपुर से 700 पेटी बीयर की लेकर मैनपुरी में सरकारी गोदाम के लिए चले। 31 मई की 12:30 बजे एक्सप्रेस के बलदेव में माइल स्टोन-125 के पास कैंटर का टायर फट गया। चालक और क्लीनर ने टायर बदलने लग गए। सही होते ही कैंटर पर चढ़े तो बाइक सवार तीन लुटेरे आए और हथियार तान दिए।
चालक और क्लीनर से मारपीट करते हुए 27 सौ रुपये और दो मोबाइल लूट लिया। इसके बाद दो लुटेरों ने चालक और क्लीनर को बंधक बनाकर कैंटर को लेकर चलने लगे। कैंटर माइल स्टोन-132 पर पहुंचा ही था कि फिर टायर फट गया। टायर फटने के बाद तीनों लुटेरे कैंटर छोड़कर भाग खड़े हुए। एसपी देहात श्रीशचंद ने बताया कि लुटेरों की तलाश की जा रही है। कुछ को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।