मथुरा। 10 नवंबर को वृंदावन आ रहे सूबे के सीएम योगी आदित्यनाथ की सुरक्षा 1080 पुलिस और पीएसी के जवानों के कंधों पर सुरक्षा होगी। आगरा रेंज का पुलिस फोर्स यहां सुरक्षा संभालेगा। इसके लिए यह फोर्स मंगलवार की शाम तक मथुरा पहुंच जाएगी।
सीएम वृंदावन में ब्रज रज उत्सव का उद्घाटन करेंगे और अति संवेदनशील श्रीकृष्ण जन्मस्थान के दर्शन भी करने जाएंगे। मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर सुरक्षा का पूरा खाका खींच लिया गया है। चप्पे-चप्पे पर पुलिस और पीएसी के जवान मुस्तैद रहेंगे। एसपी सिटी मार्तंड प्रकाश सिंह ने बताया कि मंगलवार की शाम को पुलिस फोर्स मथुरा पहुंच जाएगा। यहां पर ब्रीफिंग के बाद सभी अपने प्वाइंटों पर मुस्तैद होंगे। सुरक्षा का पूरा खाका खींच लिया गया है। आगरा रेंज का पुलिस फोर्स मुख्यमंत्री की सुरक्षा में तैनात किया गया है।
यह रहेगी फोर्स तैनात
- एएसपी-6, क्षेत्राधिकारी-14, इंस्पेक्टर-20, एसआई-110, सिपाही-600, महिला इंस्पेक्टर, एसआई, सिपाही के अलावा तीन कंपनी पीएसी।