नौहझील। थाना क्षेत्र के मानागढ़ी रोड स्थित गांव कौलाना में बृहस्पतिवार सुबह फर्नीचर फैक्टरी में शॉर्ट सर्किट से भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया, जिससे पूरे इलाके में अफरातफरी मच गई। सूचना पर पहुंची पुलिस और स्थानीय लोगों ने किसी तरह आग पर काबू पाया। हादसे में लाखों का सामान जल गया है।
घटना सुबह करीब 10 बजे की है। फैक्ट्री डायमंड डोर इंडस्ट्रीज नाम से संचालित फैक्टरी में सुबह के समय मजदूर पहुंचे थे। तभी आग लगने का हल्ला मचा। फैक्टरी से धुआं और आग की लपटें उठती देख आसपास के लोग भी काफी संख्या में पहुंच गए। लोगों ने अपने स्तर पर आग बुझाने के प्रयास शुरू किया और पुलिस को घटना की जानकारी दी।
हालांकि पुलिस के पहुंचने तक फैक्टरी में काफी नुकसान हो चुका था। फैक्टरी संचालक सचिन कुमार निवासी कौलाना ने बताया कि आग लगने की मुख्य वजह शॉर्ट सर्किट रही। करीब 3 से 4 लाख रुपये का सामान जलकर बेकार हो गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।