कोसीकलां। एक सप्ताह पहले शादी हुई और संदिग्ध परिस्थितियों में पति ने फांसी लगाकर जीवन लीला समाप्त कर ली। घटना के वक्त नवविवाहिता भी घर में ही थी। युवक की बहन का विवाह भी उसके विवाह से दो दिन पहले ही हुआ था और परिजन उसे लेने के लिए बेटी की ससुराल गए हुए थे, तभी पीछे से यह घटना हुई।
घटना का कारण क्या रहा, इसके तथ्य अभी स्पष्ट नहीं हो पाए हैं। पुलिस इसे पारिवारिक झगड़ा मान रही है। गोपालबाग स्थित राधाकृष्ण काॅलोनी निवासी तारा चंद के 23 वर्षीय बेटे अजय की शादी 6 दिसंबर को हुई थी, जबकि उसकी बहिन की शादी 4 दिसंबर को यानि दो रोज पहले हुई थी। परिवार में खुशी का माहौल था। परिजन बेटी को लेने के लिए ससुराल गए हुए थे, तभी पीछे से शुक्रवार की रात्रि में अजय ने अपने कमरे में फांसी लगाकर जान दे दी। इसकी जानकारी मिलते ही पूरे परिवार और आसपास के क्षेत्र में कोहराम मच गया। घटना को लेकर पुलिस का कहना है कि पूरे मामले की छानबीन कराई जा रही है। पुलिस ने शव का पंचायतनामा भरकर पोस्टमार्टम को भेज दिया।
पुलिस का कहना है कि अभी घटना के संबंध में कुछ महत्वपूर्ण सुराग हाथ लगे हैं। जल्द ही कारणों का खुलासा हो जाएगा।