गांव में कार्यक्रम स्थल पर तैनात पुलिस।
- फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
मथुरा के करनावल को जिसका इंतजार था आखिर वह घड़ी आ ही गई। शुक्रवार को अनुसूचित जाति की दोनों बेटियों की बरात गांव में आएगी। बैंडबाजे के साथ ही यहां शहनाई गूंजेगी। शादी समारोह में समाज कल्याण मंत्री असीम अरुण के साथ अन्य मंत्री और नेता भी शामिल हो सकते हैं। बृहस्पतिवार को शामियाना सजाने और मिठाइयां बनाने का काम शुरू हो गया। सुरक्षा के लिए पुलिस भी तैनात रही।
21 फरवरी को करनावल में दो बेटियों की बरात लौट गई थी। दबंगों ने बरात के साथ दुल्हनों से भी मारपीट की थी। इसके बाद से ही बेटियों के साथ परिवार के चेहरे पर भी मायूसी छाई थी, लेकिन अब एक बार फिर खुशी सभी के चेहरों पर नजर आ रही हैं। खुशी की बात भी है, दोनों बेटियों की शादी जो हो रही है।
मथुरा के ही एक गांव से शुक्रवार को दो सगे भाई बरात लेकर करनावल पहुंचेंगे। यहां पूरी धूमधाम से दोनों बेटियों का विवाह संपन्न कराया जाएगा। एक पखवाड़े से सूने पड़े आंगन में जहां ढोलक की थाप गूंज रही है तो वहीं बरातियों के स्वागत के लिए शामियाना भी तैयार हो रहा है।
बरातियों के लिए मिठाइयां भी बन रहीं है। पूरे दिन शादी की तैयारियां जोर-शोर से चलती रहीं। शुक्रवार को शादी समारोह में उत्तर प्रदेश सरकार के समाज कल्याण मंत्री असीम अरुण भी शामिल होंगे। इसके साथ ही दो अन्य केंद्रीय मंत्रियों के भी कार्यक्रम में आने की चर्चा है। सत्ता पक्ष के साथ ही कांग्रेस, सपा, बसपा समेत अन्य राजनीतिक दलों के नेता भी करनावल में मौजूद रहेंगे।
सुरक्षा में तैनात रही पुलिस
गांव में सुरक्षा के लिए पुलिस तैनात है। इस बार पुलिस सुरक्षा में किसी प्रकार की चूक नहीं छोड़ना चाहती है। वहीं बरात आने के दौरान सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम गांव में किए जाएंगे।