दिवाली पूजन के लिए लक्ष्मी गणेश की मूर्ति खरीदते लोग। संवाद
कोसीकलां। दिवाली की खरीदारी के लिए बाजारों में रविवार को अच्छी-खासी भीड़ उमड़ी। देर रात तक बाजारों में खरीदारों की आवाजाही रही और दुकानों पर भीड़ नजर आई। लोगों ने दिवाली पूजन की सामग्री के अलावा कपड़े, जूते, चप्पल, मिठाई और घर सजाने के सामान की खरीदारी की। बाजारों में रात तक जाम के हालात नजर आए।
लोगों ने दिवाली पूजन के लिए बताशे, नारियल, कैलेंडर, मिठाई, सींक, मिट्टी के दीपक, लक्ष्मी-गणेश व हनुमान जी की मूर्तियों की खरीदारी की। इसके अलावा व्यंजन तैयार करने के लिए मैदा, बेसन, सूजी, चीनी, मेवा, मसाले, तेल, घी आदि सामान खरीदा गया। वहीं घर सजाने के लिए कृत्रिम फूलों की झालर, लड़ियां, इलेक्ट्रॉनिक झालर और कागज से बने सजावटी आइटम भी खरीदे गए। ग्रामीण अंचल से भी रविवार को काफी लोग शहर में त्योहार के सामान की खरीदारी करने पहुंचे।
जगमगा उठे घर, दुकान व प्रतिष्ठान
वैसे तो ज्यादातर घर, दुकान, प्रतिष्ठान और सरकारी भवन धनतेरस से पहले ही सजा लिए गए हैं। शाम ढलने के बाद यह भवन जगमगा भी रहे हैं। वहीं बचे हुए भवनों पर रविवार को दिवाली से एक दिन पहले सजावट हो गई, जिससे शहर के गली-मोहल्ले और बाजार रोशनी से जगमगाते नजर आए।