मथुरा। जनपद के नौ इंटर कॉलेजों में निर्धारित समय सीमा के बावजूद कई विषयों की प्रयोगात्मक परीक्षाएं शुक्रवार दोपहर बाद तक नहीं कराई जा सकी हैं। शासन ने 13 फरवरी तक प्रयोगात्मक परीक्षाएं पूर्ण कराने के निर्देश दिए थे।
विभागीय लापरवाही और परीक्षक के विद्यालय नहीं पहुंचने से करीब 400 परीक्षार्थी बिना प्रैक्टिकल परीक्षा दिए ही बोर्ड परीक्षा में शामिल होंगे।। इससे विद्यार्थियों और अभिभावकों में चिंता बढ़ गई है। जिला विद्यालय निरीक्षक रविंद्र सिंह का कहना है कि शाम के समय कुछ विद्यालयों में परीक्षक भेजकर प्रैक्टिकल कराए गए हैं, जिनका डाटा अभी उनके पास नहीं है। जिन छात्रों की प्रयोगात्मक परीक्षा रह गई है, उनकी भी जल्द परीक्षा करा ली जाएगी।
इन विद्यालयों में नहीं हुई थी प्रयोगात्मक परीक्षा
ओसिस इंटर कॉलेज नौहझील के 53, बाबा किशोरी लाल विद्या मंदिर इंटर कॉलेज अनारदा गढ़ी रायपुर के 52, लोकमन दास गनपत सुरीर इंटर कॉलेज अकहेरा के 77 और सरदार पटेल इंटर कॉलेज देवनगर के 45 विद्यार्थियों की जीव विज्ञान की प्रयोगात्मक परीक्षा लंबित है। इसी प्रकार एके इंटर कॉलेज कारब बलदेव के सात विद्यार्थियों की कृषि एवं भौतिक विज्ञान, श्रीमती रामवती देवी इंटर कॉलेज गढ़ी अकबरपुर मंडोरा के 40 और श्रीरमन सिंह इंटर कॉलेज डोमपुरा गोवर्धन के 45 विद्यार्थियों की भौतिक विज्ञान की परीक्षा नहीं हो सकी है। वहीं, श्री रमन लाल इंटर कॉलेज हकीमपुर के 46 विद्यार्थियों की रसायन एवं भौतिक विज्ञान और एसपीएस इंटर कॉलेज सोंसा गोवर्धन के 40 विद्यार्थियों की रसायन विज्ञान की प्रयोगात्मक परीक्षा शेष हैं । संवाद