मथुरा। पंचायत में मौजूद ग्रामीण।
- फोटो : mathura
कोसीकलां (मथुरा)। मंदिर में चोरी करना चोरों को भारी पड़ गया। चोरों की कार अचानक बंद हो गई और उसे चालू करने में पूरी रात निकल गई और वह पकड़े गए। धुनाई के बाद पंचायत ने उनसे 51-51 हजार रुपये का आर्थिक दंड वसूला।
हालांकि चोरों में से एक को चंद मिनटों बाद फिर सजा मिली और वह अन्य मामले में हवालात पहुंच गया। पूरा मामला लोगों के बीच चर्चा का विषय बना है। दरअसल, कोसी-शाहपुर मार्ग स्थित एक गांव के बाहर राधा कृष्ण का मंदिर बना है। बताते हैं कि यहां बृहस्पतिवार रात को कार में सवार होकर चार चोर मंदिर पहुंचे और मंदिर से सामान, भगवान के आभूषण, मुकुट, नकदी आदि जो मिला उसे लेकर जाने लगे। जब वे चोरी करके कार से जाने लगे तो कार स्टार्ट नहीं हुई। उन्होंने कार को स्टार्ट करने के तमाम प्रयास किए लेकिन हर बार वे विफल रहे। कार को चालू करने की कोशिश में उन्हें सुबह हो गई और ग्रामीणों में जगार होने के बाद चारों चोर पकड़े गए।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार मंदिर से चोरी और चोरों के पकड़े जाने के बाद ग्रामीण एकत्रित हो गए। भीड़ ने चारों की जमकर धुनाई लगाई। इस मामले में गांव में पंचायत हुई, जिसमें चोरों को पेश किया गया। चूंकि आरोपी गांव के निकले, लिहाजा उन पर 51-51 हजार का आर्थिक दंड लगाया गया। 2 लाख 4 हजार रुपये दंड वसूल कर मंदिर को दिला दिए और मामला रफा-दफा हो गया। जिसके बाद जब मंदिर में खड़ी कार को स्टार्ट किया तो कार बिना किसी परेशानी के चालू हो गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार वे लोग वहां से चले गए लेकिन कुछ समय बाद एक आरोपी का महिला से विवाद हो गया और जिसे पुलिस के हवाले कर दिया। प्रभारी निरीक्षक अजीत सिंह ने ऐसी किसी घटना की जानकारी होने से इन्कार किया है।