वृंदावन। गुजरात से परिवार के साथ वृंदावन घूमने आई महिला की सुरक्षा और निजता से खिलवाड़ का एक गंभीर मामला सामने आया है। रमणरेती क्षेत्र स्थित एक गेस्ट हाउस में ठहरी महिला का खिड़की से छिपकर आपत्तिजनक वीडियो और फोटो बनाने के आरोप में पुलिस ने स्थानीय युवक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर कानूनी कार्रवाई की है।
पीड़िता अपने परिवार के साथ नगर के रमणरेती क्षेत्र स्थित श्रीराधा स्नेह कुंज धाम में कमरा किराए पर लेकर रुकी हुई थी। इसी दौरान आरोपी आकाश रावत कमरे की खिड़की के पास पहुंचा और चुपके से खड़े होकर अपने मोबाइल कैमरे से कमरे के भीतर मौजूद महिला की आपत्तिजनक तस्वीरें और वीडियो रिकॉर्ड करने लगा। जैसे ही महिला की नजर खिड़की के बाहर ताक-झांक कर रहे आरोपी पर पड़ी उन्होंने शोर मचा दिया और मामले की शिकायत पुलिस से की।
सीओ सदर वरुण मिश्रा ने बताया कि पीड़िता की शिकायत पर आरोपी आकाश रावत के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता 2023 की धारा 77 के तहत प्राथमिकी दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर कानूनी कार्रवाई की है।